फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किसानों के साथ चेन में गन्ना डालकर किया उद्घाटन, 1.5 करोड़ कुंतल पेराई का लक्ष्य

मेरठ। रोहटा की बजाज शुगर मिल किनौनी में बृहस्पतिवार को हवन-पूजन के साथ 23वें पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया। मुख्य अतिथि गन्ना विकास एवं चीनी मिल विभाग के मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी और पूर्व एमएलसी चौधरी जगत सिंह ने किसानों के साथ मिल की चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान किसानों और मिल अधिकारियों ने नए पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना की। मुख्य अतिथि लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि गन्ना किसानों की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसानों की मेहनत से ही चीनी मिलों का संचालन संभव होता है। प्रदेश सरकार किसानों के हितों और गन्ना उद्योग को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन किसानों को समय से गन्ना आपूर्ति और तौल की सुविधा उपलब्ध कराए। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नए पेराई सत्र के शुभारंभ पर किसानों को बधाई देते हुए बेहतर उत्पादन और खुशहाली की कामना की। मिल प्रबंधन ने इस पेराई सत्र में 1.5 करोड़ कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। गन्ना आयुक्त के आवंटन आदेश के तहत मिल को मलियाना, दौराला, मलकपुर, बागपत और मोदीनगर समितियों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 181 गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना खरीदने के आदेश मिले हैं। हालांकि, मिल प्रबंधन ने 178 गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 80 केंद्रों पर तौल शुरू कराने के लिए इंडेंट जारी करने की तैयारी की गई है। मिल के गन्ना महाप्रबंधक ने बताया कि क्रय केंद्रों पर नौ नवंबर से तौल कराने के लिए इंडेंट जारी किया जाएगा, जबकि मिल गेट पर 11 नवंबर से गन्ने की तौल शुरू होगी। हवन पंडित दिनेशमणि त्रिपाठी ने मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। इस मौके पर यूनिट हेड केपी सिंह, एचआर जोनल हेड पंकज पंवार, बिजेंद्र प्रमुख, पंडित डोरीलाल, बेगराज सिंह, नेपाल सिंह, अनुराग गुप्ता, बॉबी प्रधान, विनोद नरेश, राजकुमार करनावल, सुरेंद्र तोमर, ओमकार मलिक, सुभाष डालमपुर, अशोक सांगवान, सुशील शर्मा और संदीप रोहटा आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें