लोहिया नगर स्थित सिटी ट्रांसपोर्ट डिपो पर बस परिचालकों की हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। परिचालकों ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पीएफ और ईएसआई कटने के बाद 4.26 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान की बात तय हुई थी, लेकिन इसमें भी कटौती की जा रही है। 14-15 घंटे की ड्यूटी के मुकाबले आठ घंटे की हाजिरी लगाए जाने का भी विरोध किया। इलेक्ट्रॉनिक बस परिचालकों की चल रही हड़ताल को समाप्त कराने के लिए नगर मजिस्ट्रेट, सीओ कोतवाली, परिवहन विभाग के अधिकारी और लोहिया नगर थाना पुलिस धरना स्थल पर पहुंची और परिचालकों की समस्याओं को सुना। परिचालकों ने मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इस दौरान सचिन, आलोक, राहुल, मनोज, अनुराग, अशोक आदि परिचालक मौजूद रहे।