गैंगस्टर एक्ट में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त मोहम्मद खालिद अंसार के नाम दर्ज करीब 53.89 लाख रुपये कीमत की एक मंजिला मकान शुक्रवार को कुर्क कर दिया गया। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने घोसी कोतवाली के करीमुद्दीनपुर मोहल्ला में पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई की। लखनऊ में जमीन दिलाने के नाम पर 3.78 करोड़ रुपये हड़पने के आरोप में इसके खिलाफ घोसी कोतवाली में दो और लखनऊ में एक प्राथमिकी दर्ज है। तीनों मामले में विवेचना कर पुलिस ने आरोपपत्र न्यायालय में पेश किया था, जो विचाराधीन है। छह महीने पहले पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। घोसी सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि कोपागंज थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह द्वारा की गई विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अभियुक्त मोहम्मद खालिद अंसार ने अपराध से अर्जित अवैध धन से अपने नाम से संपत्ति बनाई है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में घोसी कोतवाली में पंजिकृत गैंगस्टर के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई। इस दौरान तहसीलदार घोसी अनीश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।