मथुरा में मतदाता के अधिकारों और वोट की लोकतांत्रिक ताकत की रक्षा के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महानगर और जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों से पैदल मार्च निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ समेत अन्य नारे लगाते हुए बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम के नेतृत्व में कार्यकर्ता होली गेट चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी कुणाल चौधरी, पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में विभिन्न मांगों और नारों से संबंधित तख्तियां थीं। वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजकीय छात्रावास पर एकत्र हुए। यहां से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के साथ बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और युवाओं के अधिकारों के मुद्दे को लेकर पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी, पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।