मथुरा में फरह स्थित पंडित दीनदयाल धाम में आयोजित मेले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से जोड़ते हुए कहा कि गरीब, किसान, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के इलाज की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। 2026-27 के राज्य बजट दस्तावेज के अनुसार प्रदेश में वर्तमान में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 45 सरकारी और 36 निजी क्षेत्र के हैं।