वृंदावन की कांशीराम कॉलोनी के लोगों ने बुधवार को कॉलोनी उजाड़ने के कथित प्रयास के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के नेतृत्व में पहुंचे कॉलोनीवासियों ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आवासों की मरम्मत कराने और कॉलोनी से नहीं हटाने की मांग की। पूर्व जिला मंत्री गिरधारी लाल चतुर्वेदी के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की ओर से उन्हें हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि कॉलोनी की जमीन पर कुछ बाहरी लोगों और भू-माफिया की नजर है। आरोप लगाया कि आवासों पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। ज्ञापन में कॉलोनी के जर्जर आवासों की मरम्मत कराने, बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गरीब परिवारों को उजाड़ने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।