मथुरा में नाैवें राष्ट्रीय पोषण माह (नाै सितंबर से आठ अक्टूबर) की शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर बल्देव से विधायक पूरन प्रकाश और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की ओर से आयोजित पोषण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का मुख्य उद्देश्य जनपदवासियों को सही खान-पान, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूक करना है। विधायक और जिलाधिकारी ने पोषण संदेशों से लिखी तख्तियों के साथ आगे बढ़ रही कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन किया और बच्चों तथा महिलाओं को कुपोषण से मुक्त कराने का संकल्प दोहराया। इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।