मथुरा में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के चल रहे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कांग्रेस के ही दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। एक कार्यकर्ता पर दूसरे कार्यकर्ता की पत्नी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। विरोध करने पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लात-घूंसे चलने के साथ चप्पलें भी चलीं। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।