मथुरा के बजाना देवपुरा स्थित गुरु मोहन श्याम कुश्ती अकादमी में रविवार को जिला स्तरीय सीनियर महिला एवं पुरुष कुश्ती चयन ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें करीब 55 पहलवानों ने फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन शैली के विभिन्न भार वर्गों में दमखम दिखाया। ट्रायल के आधार पर 16 पहलवानों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। जिला कुश्ती संघ के महासचिव जनार्दन सिंह पहलवान ने बताया कि फ्रीस्टाइल कुश्ती में 61 किलोग्राम भार वर्ग में जय भगवान, 65 में राजेश, 70 में भुवनेश, 74 में विवेक, 79 में नवीन, 86 में राहुल, 92 में मोहित, 97 में शिवम सिंह और 125 किलोग्राम में गिरधर चतुर्वेदी ने स्थान बनाया। रेफरी की भूमिका विनोद यादव ने निभाई। ग्रीको-रोमन शैली में 55 किलोग्राम भार वर्ग में रामसुख, 60 में अजय सैनी, 72 में रामवीर सिंह, 77 में दीपक लोकन, 82 में पुष्पेंद्र, 97 में अनुरोध फौजदार और 130 किलोग्राम में कृष्णपाल का चयन हुआ। ये पहलवान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मथुरा का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि कमल किशोर वार्ष्णेय ने कहा कि खेल में सफलता के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास जरूरी हैं। एडवोकेट सतवीर गुर्जर ने भी पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। अकादमी संचालक मोहन श्याम गुर्जर ने अतिथियों का स्वागत किया। ट्रायल में जिला कुश्ती संघ अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पूर्व उत्तर प्रदेश केसरी रामनिवास पहलवान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।