संवाद न्यूज एजेंसी ललितपुर। चोरी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर में चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। विवेचना के दौरान जावेद उर्फ जबू उर्फ आशू ठाकुर उर्फ भूरा निवासी राय कॉलोनी, आगासौद रोड, बीना, जिला सागर (मध्यप्रदेश), हाल निवासी घुसयाना का नाम प्रकाश में आया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। सोमवार सुबह पुलिस टीमों ने हवाई पट्टी के पास आरोपी को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।