लखीमपुर खीरी जिले में शुक्रवार सुबह आठ बजे से शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ। सुबह 10 बजे तक स्नातक एमएलसी चुनाव में 7.1 प्रतिशत और शिक्षक एमएलसी में 6.7 प्रतिशत वोट पड़े। जिले के 85 बूथों पर 35,646 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। शहर में जिला पंचायत कार्यालय, सदर ब्लॉक और जिला पंचायत इंटर कॉलेज खीरी में मतदान स्थल बनाए गए हैं। बृहस्पतिवार को डीएस इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना होकर अपने बूथों पर पहुंच गई थीं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 30,981 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 4,665 मतदाता हैं। लखनऊ खंड स्नातक सीट पर भाजपा से अवनीश कुमार सिंह, सपा से क्रांति सिंह और करणी सेवा एवं नवयुवक दल से स्मिता मिश्रा प्रत्याशी हैं।