कासगंज। रक्षाबंधन पर सरकार की ओर से बहनों को फ्री बस सेवा की सुविधा मुहैया कराई गई, लेकिन रोडवेज बस स्टैंड पर भीड़ करने के बाद सारी व्यवस्थाएं धराशाई हो गई। बहनों को राखी बांधने के लिए भाई के घर जाने के लिए घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा। दिल्ली और बरेली रूट की बसों का टोटा नजर आया। बसों के रोडवेज स्टैंड पहुंचने पर सीट पाने के लिए बहनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई बहनों को खड़े होकर बसों में सफर करना पड़ा। रक्षाबंधन पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के फेरे बढ़ाकर दोगुने कर दिए थे। साथ ही अतिरिक्त बसों को लगाया था मगर यह सारे इंतजाम भीड़ के आगे कम पड़ गए।