सोमवार देर शाम लोक निर्माण विभाग की ओर से नवीन गंगा पुल मार्ग की क्षतिग्रस्त सतह की मरम्मत करने का कार्य शुरू कराया गया। इससे नवीन पुल मार्ग पर जाम लग गया। ऐसे में कानपुर और उन्नाव छोर से आने जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। कोतवाली पुलिस ने बताया कि काम शुरू करने से एक घंटे पहले ही पीडब्लूडी ने उन्हें जानकारी दी। नवीन गंगापुल मार्ग के बीच करीब 13 फीट की लंबाई और 5 फीट की चौड़ाई में मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसमें सरिया तक दिखने लगी थी। जिसे पीडब्लूडी ने संज्ञान में लिया और सोमवार की शाम आठ बजे से पुल पर मरम्मत कार्य अचानक शुरू कराते हुए क्षतिग्रस्त मार्ग पर डामरीकरण कराते हुए पैचवर्क का कार्य शुरू कराया। ऐसे में मार्ग संकरा हो गया और पुल के दोनों छोर के वाहन फंस गए, जिससे जाम लगा रहा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कार्य शुरू कराने से एक घंटे पहले ही विभाग द्वारा सूचना दी गई। ऐसे में काफी दिक्कते आई।