सरैया आरओबी का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। शनिवार को पुल के रंग रोगन का कार्य भी आधा हो गया है। 1124 मीटर लंबे पुल पर अब आखरी सतह बनाने के लिए डामर बिछाने का कार्य ही शेष है, जिसे अगले दो सप्ताह में पूरा करने की बात कही गई है। सर्विस लेन की मरम्मत का कार्य भी कराया जाएगा। रेलवे ने अपने हिस्से का कार्य पूर्ण कर लिया है। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर एसके सुमन ने बताया कि आधे पुल का रंग रोगन का कार्य करा लिया गया है। पुल की आखरी सतह बनना अब शेष है, जिसमें डामर की लेयर बिछाई जाएगी। रेलवे ने तीनों लोहे के स्पैन डालते हुए उस पर स्लैब डाल दी है। अब उस पर डामर बिछना शेष है। बताया कि उम्मीद है कि अगले दो सप्ताह में सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। पुल के दोनों छोर सर्विस लेन बनाई गई है, लेकिन भारी वाहनों के गुजरने के कारण कुछ जगह से सर्विस लेन खराब है। जल निगम की ओर से यहां भूमिगत पेयजल पाइप लाइन डालने का कार्य भी कराया जा रहा है। एक छोर की नई सर्विस लेन मरहला चौराहा से सरैया रेलवे क्रॉसिंग मार्ग के बीच बनाई जाएगी।