कानपुर बार एसोसिएशन के राम अवतार महाना ऑडिटोरियम में अधिवक्ताओं के बीच चल रही शतरंज और कैरम प्रतियोगिता के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले हुए। इसमें करीब 90 अधिवक्ताओं ने शतरंज की बिसात पर चालें चलीं और कैरम में भी दम दिखाया। यह प्रतियोगिता एकेडमिक रिसर्च सोसायटी, बैरिस्टर नरेंद्रजीत सिंह निशुल्क विधि सेवा संस्थान और कानपुर बार एसोसिएशन की ओर से हो रही है। शतरंज में अंशुल मिश्रा, आनंद अग्रवाल, अंकुर पाल, पुनीत सोनकर, हेमंत तिवारी, राजेश प्रसाद अवस्थी और ब्रजेश वर्मा ने उलटफेर कर अगले चरण में जगह बनाई। कैरम में सोनल पाठक ने पहले श्रद्धा मिश्रा और फिर काजल शुक्ला को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मो. कयूम ने कामरान को पराजित कर फाइनल में स्थान पक्का किया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मो. अजरूद्दीन ने अरुण तिवारी, पुनीत सोनकर ने घनश्याम, अतुल त्रिवेदी ने दयाशंकर तिवारी, संतोष सिंह ने धनंजय पांडेय, बसंत मौर्य ने उमेश गुप्ता, नीरज तिवारी ने राघव अवस्थी और दिलीप कुमार ने वकील अहमद को हराया। शतरंज और कैरम का फाइनल शुक्रवार को खेले जाएंगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र अवस्थी, महामंत्री बिनय मिश्रा, लाॅयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश चंद्र वर्मा, महामंत्री राजीव यादव, कार्यक्रम आयोजक व संस्थान के महामंत्री डॉ. पवन कुमार तिवारी समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।