महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक फिसलने से युवक व पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सरसौल सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान अजय (20) और भावना (20) के रूप में हुई है। अजय ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र के साथ जा रहा था, तभी आईटीबीपी के पास बाइक फिसल गई और दोनों सड़क किनारे गिर गए। गंभीर चोट के कारण युवती बेहोश हो गई। सूचना पर युवती के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।