छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आवास विकास, पनकी, कल्याणपुर और सीटीआई नहर का निरीक्षण किया। पनकी और कल्याणपुर नहर का पानी बंद होने से यहां छठ पूजा स्थलों पर गंदगी और सिल्ट जमा मिली। नगर आयुक्त ने मशीनों से 24 घंटे में सफाई कराने के निर्देश दिए। तीन दिन में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। पूजा स्थलों पर दो हाईमास्ट लाइट लगवाने को कहा। सीटीआई नहर पर रिटेनिंग वॉल निर्माण के बावजूद कई जगह सिल्ट नहीं हटाई गई थी। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम अपने संसाधनों से सफाई कराएगा। यहां पार्षद राम नारायण, जोनल अभियंता आरके सिंह, जोनल स्वच्छता अधिकारी विजय शंकर शुक्ला, केंद्रीय छठ पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह गहमरी और जोनल स्वच्छता अधिकारी अवनीश यादव मौजूद रहे। वहीं नगर आयुक्त ने दिवाली के बाद सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने हैलट अस्पताल, गोल चौराहा, रावतपुर क्रॉसिंग, गीतानगर मेट्रो स्टेशन, गुरुदेव चौराहा, सीएसजेएमयू मुख्य मार्ग, बगिया क्रॉसिंग, सीएम ग्रिड रोड, आवास विकास कल्याणपुर मुख्य मार्ग और अर्मापुर-विजय नगर का जायजा लिया। गंदगी और बाजारों का कचरा जल्द उठाने के निर्देश दिए।