कानपुर के शुक्लागंज क्षेत्र स्थित सरैया रेलवे क्रॉसिंग के पास प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 11 बजे पढ़ाई के दौरान स्कूल की जर्जर दीवार अचानक बाहर की ओर भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि दीवार बाहर की तरफ गिरी, जिससे अंदर बैठे छात्र बाल-बाल बच गए। प्रधानाचार्य मंजू लता के अनुसार, तीन महीने पहले सरैया आरओबी निर्माण के दौरान सेतु निगम द्वारा शटरिंग लगाने से स्कूल का यह हिस्सा कमजोर हो गया था, जिसकी शिकायत के बावजूद कोई मरम्मत नहीं कराई गई। बीएसए शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि सेतु निगम को मरम्मत के लिए पूर्व में पत्र लिखा जा चुका है।