बर्रा में शनिवार को विवाहिता के फंदे से लटक कर जान देने के मामले में पुलिस ने मां की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पति बर्रा निवासी धर्मेंद्र मिश्रा उर्फ सनी को जेल भेज दिया। इटावा की एकता काॅलोनी पक्का बाग निवासी माधवी लता के मुताबिक सात साल पहले उन्होंने बेटी आयुषी का विवाह बर्रा निवासी धर्मेंद्र से किया था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालीजन दहेज को लेकर बेटी को परेशान करने लगे थे। शनिवार को जानकारी मिली कि आयुषी ने फंदा लगा लिया। बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज सिंह ने बताया कि पति धर्मेंद्र, सास मीना, ससुर विनोद मिश्रा और देवर-देवरानी पर मुकदमा दर्ज किया गया है।