महाराजपुर के सुबौली गांव में शनिवार सुबह रेलवे लाइन किनारे खेत में उन्नाव निवासी प्रेमी युगल मालती (27) व ओम (22) के शव पेड़ से बंधी साड़ी के दोनों छोर से बने फंदे से लटके मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजन को सूचना दी। देर शाम महिला के परिजन मोर्चरी पहुंचे। एसीपी ने बताया कि महिला दो बच्चों की मां है और पति से विवाद के चलते मायके में रह रही थी। तीन दिन से लापता थी। वहीं, युवक बाइक मिस्त्री था। दोनों में करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। देर शाम तक किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। एडीसीपी शिवा सिंह के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे दोनों के शव लटके होने की सूचना मिली। पुलिस को मौके पर एक पॉलिथीन मिली, जिसमें बाइक की चाबी, 4200 रुपये, महिला का आधार कार्ड और उसका कीपैड मोबाइल फोन था। मोबाइल से सिम निकला हुआ था जबकि युवक की पैंट की जेब से 200 रुपये मिले। आधार कार्ड और मोबाइल में मिले नंबर के जरिये पुलिस ने महिला के परिजन से संपर्क किया। महिला की बहन ने उसकी पहचान मालती (27) व युवक की पहचान ओम (22) के रूप में की। पुलिस के मुताबिक मालती की बहन ने ही दोनों के प्रेम प्रसंग की पुष्टि भी की। महिला दो बच्चों की मां थी और उसका पति उसे तलाक देने वाला था। कोतवाली में पूर्व में दोनों पक्षों की पंचायत भी हो चुकी थी।