देवी-देवताओं को अपशब्द, जातिसूचक गालियों को रोकने के लिए सरकार ईश निंदा कानून बनाए। यह बात कथा वाचक देवकी नंदन ठाकुर ने कही। निरालानगर में कथा के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह सरकारों से बहुत पहले मांग कर रहे हैं। इसके अलावा सनातन बोर्ड का गठन हो। इससे मंदिर के चंदे का सदुपयोग होगा। उन्होंने कहा कि यूजीसी वाले कानून से लोग बहुत दुखी हैं। उन्हें उम्मीद है कि सरकार इसे वापस ले लेगी। जाति के नाम पर न तो कोई कानून बनना चाहिए और न राजनीति और प्रवचन होने चाहिए। ऐसा कानून बनें जिससे सभी जातियों का भला हो और बच्चों की पढ़ाई में आसानी हो। कहा कि चुनाव के पहले अगर कृष्ण जन्म भूमि बन जाए, सनातन बोर्ड का गठन हो, गोमाता सड़क पर न हों तो वह बहुत खुश हो जाएंगे।