कल्याणपुर ब्लॉक के बगदौधी बांगर गांव के मजरे दी दाईपुरवा में साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरीके से धड़ाम है। यहां मंधना कुरसौली मार्ग की आधी लेन करीब 30 मीटर तक कूड़े से पटी हुई है, जबकि गांव में आरआरसी सेंटर भी है। बता दें इसी कूड़े के अंबार और बदबू के पास से होकर रोजाना सैकड़ों विद्यार्थी, दैनिक यात्रियों के अलावा ग्रामीणों को आवागमन करना पड़ता है। कूड़े के अंबार से उठती बदबू से स्थानीय लोग परेशान हैं।स्थानीय निवासी मोहम्मद सारिख ने बताया यहां पास में दो इंटर कॉलेज हैं लेकिन यहां कूड़ा उठाने कोई सफाईकर्मी या कूड़ा गाड़ी नहीं आती है। करीब एक साल से यह समस्या है। कई बार तहसील दिवस और प्रधान से शिकायत के बावजूद कूड़ा नहीं हटा।