गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के तीसरे दिन मंगलवार को मोतीझील परिसर में लंगर का आयोजन होगा। सोमवार से ही लंगर तैयार करने की सेवा शुरू हो गई। सरदार गुरदीप सिंह गांधी ने बताया कि लंगर के लिए 130 बोरी आटा, 30 कुंतल दाल, सात हजार गोभी, 70 बोरी आलू और 20 टिन देसी घी सहित अन्य सामग्री जुटाई गई है। अनुमान है कि दो से ढाई लाख श्रद्धालु गुरु का लंगर छकेंगे। श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार हरविंदर सिंह लार्ड ने संगत से लंगर छकने के बाद जूठी पत्तल निर्धारित स्थानों पर रखे डस्टबिन में डालने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं से घरों से प्रसाद बनाकर लाने का भी आग्रह किया। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग पंडाल तैयार किए गए हैं। लंगर की तैयारी का सेवा कार्य ज्ञानी मदन सिंह, मोहन सिंह झास, गुरदीप सिंह गांधी, टीटू सागरी और जसवंत सिंह भाटिया की देखरेख में सुबह से शुरू हुआ। सरदार नीतू सिंह ने श्रद्धालुओं से कतकी स्नान के बाद गुरु का लंगर छकने की अपील की। मौके पर सरबजीत सिंह रौनक, तरविंदर सिंह टीटू और हरविंदर सिंह लोंगोवाल आदि मौजूद रहे।