तहसील परिसर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान एक विधवा टंकी पर चढ़ गई। विधवा ने विपक्षियों पर जमीन पर कब्जा और राजस्व कर्मियों पर मिलीभगत के साथ ही रिश्वत लेकर निर्माण का आरोप लगाया। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामा के दौरान महिला टंकी से नीचे कूदने की धमकी देती रही। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला को टंकी से नीचे उतारा। तहसील क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी किरन देवी के पति संतोष कुमार की करीब 11 साल पहले मौत हो चुकी है। महिला ने बताया कि गांव में जमीन को लेकर विपक्षी पक्ष से विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का दावा है कि न्यायालय ने जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं। आरोप है कि राजस्व कर्मियों की मिलीभगत करने के साथ ही रिश्वत लेकर जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है। तहसील दिवस में शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज होकर रविवार को वह तहसील परिसर में बनी टंकी पर चढ़ गई। उसने उच्चाधिकारियों से लिखित आश्वासन देने और मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला की दो बेटी व बेटा भी मौके पर पहुंच गए और को नीचे उतर आने की गुजारिश करते रहे। सीओ कुलवीर सिंह, नायब तहसीलदार अमित पाठक, सतीश कनौजिया, कोतवाल संजय कुमार शुक्ला समेत पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद अधिकारियों के लिखित आश्वासन देने पर महिला नीचे उतर आई। अधिकारियों ने महिला को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।