नगर निगम की ओर से विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर सोमवार को पालतू कुत्तों के लिए निःशुल्क वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। कैंप में पालतू कुत्तों को रेबीज की वैक्सीन लगाने के साथ ही पशुपालकों को अपने पालतू जानवरों के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पशुओं का रजिस्ट्रेशन भी किया गया। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 सितंबर को विश्व रैबीज जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पशुपालकों को रैबीज जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और पालतू कुत्तों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कुत्तों को रैबीज की वैक्सीन लगवाने से पशु के साथ-साथ इंसानों को भी इस बीमारी से सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पालतू कुत्तों का समय पर टीकाकरण कराएं और उनका नगर निगम में रजिस्ट्रेशन भी जरूर कराएं।