यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को जिले के 21 बैंकों की 241 शाखाओं में एक दिवसीय हड़ताल रही, जिससे करीब 500 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। पासबुक अपडेट, केवाईसी और रुपये निकालने जैसे जरूरी काम नहीं हो सके। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने इंडियन बैंक के अंचल कार्यालय से रैली निकालकर प्रदर्शन किया। एआईआईबीओए के मंडल सचिव तरुण शुक्ला ने पांच दिवसीय बैंकिंग, पेंशन अपडेशन और पर्याप्त भर्ती जैसी लंबित मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि आईबीए और मुख्य श्रमायुक्त से वार्ता विफल होने के बाद हड़ताल हुई। मांगें न मानी जाने पर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय और 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विनोद कुमार तिवारी ने भी करीब 500 करोड़ रुपये के लेनदेन प्रभावित होने की पुष्टि की।