देहात कोतवाली क्षेत्र के भदुआ तरहर के भुईरा गांव के पास शनिवार को टेढ़ी नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूब गए। हादसे में 10 वर्षीय सम्राट और 12 वर्षीय राहुल की मौत हो गई। वहीं स्थानीय लोगों ने बच्ची लल्ली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बारिश के चलते टेढ़ी नदी उफान पर है। इसी दौरान तीनों बच्चे नदी में नहाने गए थे। अचानक गहरे पानी में जाने से वे डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची लल्ली को बाहर निकाल लिया, लेकिन सम्राट और राहुल को नहीं बचाया जा सका। सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। सीओ योगेंद्र सिंह, तहसीलदार और राजस्व टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।