गाजीपुर। सुहवल क्षेत्र के युवराजपुर गांव स्थित इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित युवराजपुर वॉलीबॉल प्रीमियर लीग के फाइनल में बक्सर की टीम ने पटना को लगातार दो सेटों में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बक्सर ने पहला सेट 15-12 और दूसरा सेट 15-13 से जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के शानदार सर्विस, ऐस, अपर कट, ब्लॉक और डिफेंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैनपुर और बक्सर की टीम के बीच खेला गया। बक्सर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 15-12 और दूसरा सेट 15-10 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल युवराजपुर और पटना की टीम के बीच हुआ। इसमें पटना की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 15-13 और दूसरा सेट 15-12 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।