सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को जिलेभर में पुलिस ने एक साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में 2147 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 470 वाहनों का चालान किया गया, जबकि आठ वाहन सीज किए गए। खास तौर पर वाहनों के शीशों पर नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने 303 वाहनों के शीशों से ब्लैक फिल्म उतरवाई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया जिले के सभी थानों की पुलिस ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी भी ली गई। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, दोपहिया पर तीन सवारी बैठाने और जरूरी वैध दस्तावेज नहीं दिखाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।