फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में स्थित रामलीला मैदान में सोमवार को सफाई को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मियों और स्थानीय युवकों के एक गुट के बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद सफाई कर्मियों ने मैदान में पड़े डंडे उठाकर युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे मैदान में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग सहम गए। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी पूरी तरह असहाय नजर आए। सोमवार को दिन में सफाई कर्मचारी रामलीला मैदान में झाड़ू लगाने और साफ-सफाई करने पहुंचे थे। मैदान में बसई मोहम्मदपुर इलाके के कुछ युवक बैठे हुए थे। सफाई कर्मियों ने जब उन्हें वहां से उठने के लिए कहा, तो युवकों ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और तड़का-भड़की शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि तैश में आए सफाई कर्मियों ने मैदान में पड़े डंडे और झाड़ू के डंडे हाथ में उठा लिए और युवकों को खदेड़-खदेड़ कर पीटना शुरू कर दिया।