फिरोजाबाद के फरिहा थाना क्षेत्र के गांव रीवा में बुधवार देर शाम घर के बाहर खेलते समय चार साल का मासूम मछली पालन केंद्र के तालाब में गिरने से मौत के आगोश में समा गया। करीब तीन से साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद मासूम का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। गांव रीवा निवासी रिंकू का चार वर्षीय पुत्र कृष्णा उर्फ कान्हा बुधवार शाम अपने घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर से करीब 150 मीटर दूर स्थित मछली पालन केंद्र के तालाब की ओर चला गया। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। जब काफी देर तक बच्चा घर वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। तलाश करते हुए परिजन जब तालाब के पास पहुंचे। पानी में बच्चे की चप्पल तैरती हुई दिखाई दी। सूचना मिलते ही फरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर मासूम की तलाश शुरू की। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद तालाब में डूबे बालक के शव को निकाला जा सका। थाना प्रभारी फरिहा पुष्पेंद्र कुमार सिंह की टीम बालक के लापता होने की सूचना पर मौके पर पहुंची थी। करीब तीन घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बालक का शव निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।