फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब महानिदेशालय वस्तु एवं सेवा कर खुफिया (डीजीजीआई) लखनऊ की दो टीमों ने तंबाकू कारोबारियों पर बड़ा शिकंजा कसा। डीजीजीआई की टीमों ने रेलवे रोड निवासी नामी तंबाकू कारोबारी मुन्ना अग्रवाल और लोकमन निवासी गौरव गुप्ता के आवास व गोदामों पर एक साथ छापेमारी की। दोनों ही ठिकानों पर दस्तावेजों, खरीद-बिक्री और स्टॉक की सघन जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य तंबाकू और गुटखा कारोबारियों में हड़कंप और दहशत का माहौल है।