एटा के मिरहची क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश से जहां लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश शनिवार शाम तक रुक-रुक कर जारी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तारों पर फाल्ट आने और ट्रांसफार्मरों में खराबी के चलते पूरे क्षेत्र की बिजली गुल रही। बिजली न आने से घरों और दुकानों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए हैं, जिससे रात में पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। मोबाइल चार्ज न होने से लोग संपर्क से भी कट गए हैं। बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी धान और बाजरा की फसलें तेज हवा और बारिश के कारण जमीन पर गिर गई हैं। खेतों में पानी भर जाने से फसल सड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसान विपन कुमार, तारा चंद्र, वीरपाल, आलेश कुमार,लोकमन सिंह आदि ने बताया कि यदि जल्द पानी नहीं निकला तो महीनों की मेहनत बर्बाद हो जाएगी। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। जलभराव के कारण मुख्य मार्गों और गलियों में कीचड़ हो गया है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।