फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: पेट्रोल पंप के पास काल बनकर भिड़ीं बस और पिकअप, चालक की मौत, दो घायल रैफर

अलीगंज। अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस और बेकरी सामान से भरी पिकअप की जोरदार भिड़ंत ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि पिकअप सवार युवक और रोडवेज बस का परिचालक घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया गया कि आगरा फोर्ट की रोडवेज बस मंगलवार को कायमगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही पिकअप से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। पिकअप में बेकरी का सामान लदा हुआ था। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत-बचाव में जुट गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। चालक विपिन यादव पुत्र अर्जुन सिंह यादव निवासी मिथेना, पोस्ट मिघौली, छिबरामऊ, जनपद कन्नौज वाहन में ही फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। हादसे में पिकअप में सवार रेहान पुत्र इरशाद खान, उम्र करीब 38 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गए। रोडवेज बस का परिचालक कन्हैया भी हादसे में घायल हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। पुलिस की मौजूदगी में दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। 108 एंबुलेंस के ईएमटी विमल कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। दो घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि बांके बिहारी पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस और पिकअप की भिड़ंत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में पिकअप चालक की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें