एटा में थाना समाधान दिवस में शनिवार को एएसपी और एडीएम ने सकीट में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। एडीएम प्रशासन अजय नारायण सिंह ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनकी निष्पक्ष जांच की जाए। जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएं। जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना है, उनकी रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेजी जाए, जिससे अनावश्यक देरी न हो। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने कहा कि आम नागरिक को समय पर निष्पक्ष न्याय मिलने से ही पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता है। जनशिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग. थाना प्रभारी मधु दुबे सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।