चंदौली: रेलवे के विशेष स्वच्छता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर जनसंवाद किया गया। इसी क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने अधिकारियों के साथ यात्रियों से बातचीत कर यात्री सुविधाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान यात्रियों ने कहा कि रेलवे में पहले की तुलना में बदलाव हुआ है, लेकिन ट्रेनों में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने की जरूरत है। डीआरएम ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और रेलवे की उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। यात्रियों से जाना सुविधाओं का हाल बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे डीआरएम उदय सिंह मीना अधिकारियों के साथ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं और टिकटिंग व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। संवाद के दौरान यात्रियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि उनके फीडबैक के आधार पर सुविधाओं में जरूरी सुधार किया जा सके।