चंदौली कस्बे में नवीन किसान सब्जी मंडी की शुरुआत होने से स्थानीय ही नहीं, बल्कि आसपास के कई ब्लॉकों के किसानों को बड़ी राहत मिली है। सोमवार को मंडी का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम और भगवान श्री कृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि चंदौली की सब्जियों की पहचान विदेशों तक है और अब इस नवीन मंडी के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को बड़ा मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि मंडी स्थापित होने से चहनिया सहित आसपास के कई ब्लॉकों के किसानों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा। विशिष्ट अतिथि और भाजपा के वरिष्ठ नेता उदय प्रताप सिंह ने कहा कि चंदौली जिला मुख्यालय के बाद ग्रामीण इलाके में इस तरह की मंडी की स्थापना किसानों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए वाराणसी जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। मंडी प्रबंधन का यह तंत्र सीधे वाराणसी मंडी से जुड़ा रहेगा, जिससे किसानों के भाड़े और समय दोनों की बचत होगी। कार्यक्रम की शुरुआत में मंडी अध्यक्ष सरिद्वार यादव ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, प्रधानपति सतीश गुप्ता, संतोष यादव, गुलाब साहू, जयप्रकाश यादव, गोलू सिंह और दशरथ राम सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय कुमार सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन आयोजक सरिद्वार यादव ने किया।