गंगा पार 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं के इंतजाम तेज कर दिए गए हैं। बहादुरपुर से कटेसर तक गंगा किनारे 10 ब्लॉकों में व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। पहले से की गई सुरक्षा तैयारियों को और मजबूत करते हुए अब हर ब्लॉक में सोलर ऊर्जा से संचालित सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य सहायता केंद्र, मोबाइल शौचालय और पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उद्देश्य है कि एयर शो के दौरान आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल के साथ जरूरी सुविधाएं भी मिल सकें।