देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शुमार पीडीडीयू जंक्शन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत इन दावों से अलग नजर आ रही है। शनिवार को की गई पड़ताल में स्टेशन की चार प्रमुख यात्री सुविधाएं बदहाल मिलीं। तीन में से दो लिफ्ट करीब एक पखवाड़े से बंद हैं, जबकि प्रवेश द्वार पर लगा लगेज स्कैनर करीब एक साल से खराब पड़ा है। प्लेटफार्मों पर कई जगह फर्श की टाइलें उखड़ी हैं और 15 नलों की टोटियों में पानी नहीं मिला। इससे रोजाना आने-जाने वाले करीब 30 हजार यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।