रामगढ़ अघोर पंथ के महान संत बाबा कीनाराम जी के जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ गुरुवार को पारंपरिक सोहर गीतों और वैदिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। प्रात:काल से शुरू हुआ धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। क्षेत्र के साथ दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेका और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। सुबह पांच बजे से आठ बजे तक प्रभात फेरी निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच श्रद्धालु बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इसके बाद बाबा के दरबार में मंगला आरती और विशेष पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा कीनाराम के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। जन्मस्थल आश्रम परिसर में महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीतों का गायन किया। सोहर की मधुर धुन और बाबा के जयकारों से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भी धार्मिक वातावरण में भावविभोर नजर आए। जन्मोत्सव को लेकर आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। दिन चढ़ने के साथ कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रमों में श्रद्धालु भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में डूबे रहे। जन्मोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।