बस्ती के खुशहालगंज स्थित रामलीला मैदान में चल रही रामलीला का समापन भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ हुआ। अंतिम दिन कलाकारों ने भरत मिलाप और राम राज्याभिषेक की लीला का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रावण वध के बाद माता सीता, लक्ष्मण, सुग्रीव और हनुमान सहित श्रीराम के अयोध्या लौटने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। श्रीराम के आगमन पर अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर खुशियां मनाईं। इसके बाद श्रीराम और भरत के मिलन तथा विधि-विधान से राज्याभिषेक का मंचन हुआ। मंगल गीतों के बीच राम राज्य की खुशियां मनाई गईं।