बरेली में लगातार बारिश ने एक बार फिर स्मार्ट सिटी की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। नगर निगम की तरफ से इस वर्ष नालों की सफाई के लिए ढाई करोड़ का टेंडर कराया गया था। बजट तो साफ हो गया, पर नाले चोक ही रह गए। नतीजा, सुभाषनगर, सिकलापुर, रेजीडेंसी गार्डन, राजेंद्रनगर, रामपुर बाग, सिविल लाइंस, मढ़ीनाथ, हजियापुर और मॉडल टाउन समेत प्रमुख इलाकों की सड़कें शनिवार को जलमग्न हो गईं। इससे जहां आवागमन बाधित है, वहीं लोगों के घरों-दुकानों में भी पानी भर गया है। शनिवार सुबह सेटेलाइट बस अड्डा परिसर सहित आसपास की सड़क पानी में डूब गई। इससे यात्रियों और राहगीरों को मुसीबत झेलनी पड़ी।