कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज में जंगल से लकड़ी लेने गए 75 वर्षीय वृद्ध की बाघ के हमले में मौत हो गई। शनिवार शाम जंगल गए वृद्ध देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को दोबारा तलाश के दौरान जंगल के अंदर झाड़ियों में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, मोतीपुर रेंज की ग्राम पंचायत राजापुर कला के मजरा बनकटवा निवासी उस्मान (75) शनिवार शाम लकड़ी लेने जंगल गए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।