यूपी के बहराइच में सोमवार रात मां के साथ हैंडपंप पर पानी भरने गए राजवीर (09) पर तेंदुए ने झपट्टा मारा। पलभर में आदमखोर मां के हाथ से बच्चे को झपटकर भाग निकला। शोर मचाने पर ग्रामीण दौड़े तो तेंदुआ बालक को छोड़कर भाग गया। लेकिन, तब तक उसके गले पर गहरे घाव से उसकी सांसें टूट चुकी थीं। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि करीब पांच साल पहले पेड़ से गिरकर पति की मौत हो गई थी। तब से पत्नी कंसीला मजदूरी करके पांच बच्चों को पाल रही थी। आंखों के सामने बेटे ने दम तोड़ा तो कंसीला टूट गई। राजवीर पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। वह सरकारी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। घटना के बाद बिलखती मां कंसीला ने बताया कि वह बेटे का हाथ पकड़कर हैंडपंप पर पानी भरने जा रही थी। इसी दौरान तेंदुआ आया और राजवीर को झपटकर ले गया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों के पहुंचने पर तेंदुआ बालक को छोड़कर भाग गया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। राजवीर के जाने से परिवार में अब मां के साथ काजल (14), नंदनी (11), आर्यन (7) और पांच वर्षीय सबसे छोटी बहन रह गई है। पति को खोने के बाद बच्चों के सहारे जिंदगी काट रही कंसीला से अब उसका एक बेटा भी छिन गया। आर्थिक तंगी के बीच वह बच्चों के भविष्य को संवारने में जुटी थी। राजवीर भी पढ़-लिखकर कुछ बनने का सपना देख रहा था। लेकिन, तेंदुए के हमले ने परिवार की उम्मीदों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया।