रुदौली विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने रविवार को प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। पार्टी के विधान परिषद के पूर्व प्रत्याशी अवधेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर मतदाता सूची में गड़बड़ी, रेलवे स्टेशन का बंद रास्ता, बदहाल स्वास्थ्य सुविधाएं, स्मार्ट मीटर और खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। अवधेश यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी मतदाता सूची में खामियां हैं। भाग संख्या 358 में एक ही मतदाता का नाम 10 या उससे अधिक बार दर्ज होने का दावा करते हुए उन्होंने निष्पक्ष चुनाव पर सवाल उठाए। उन्होंने रुदौली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो से बाजार की ओर जाने वाला रास्ता खुलवाने की मांग की। सीएचसी में डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ डॉक्टरों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था कराने की बात कही। उन्होंने स्मार्ट मीटर से बिजली बिल चार गुना बढ़ने का आरोप लगाते हुए इसे हटाने और बिजली आपूर्ति बढ़ाने की मांग की। साथ ही किसानों को खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने की मांग उठाई। इस दौरान राजितराम रावत, रंजीत विश्वकर्मा, प्रदीप यादव, अमरनाथ यादव और गोपाल यादव मौजूद रहे।