नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने 10 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार जारी रखने और मांगें पूरी नहीं होने पर 12 अक्तूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठा. मयंक प्रताप सिंह और प्रदेश महामंत्री आदित्य भारत ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजकर नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, समान कार्य-समान वेतन समेत आठ मांगें उठाईं। संगठन का दावा है कि प्रदेश में एक लाख से अधिक कर्मचारी 15 से 18 वर्षों से एनएचएम में सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों ने 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए, ग्रेच्युटी और गैर-जनपद स्थानांतरण की सुविधा की मांग की। नियमित भर्तियों में 25 प्रतिशत कोटा देने की मांग भी की गई है।