नगर निगम की ओर से जर्जर भवनों को नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है, लेकिन निगम का प्रवर्तन विभाग खुद जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। नरेन्द्रालय पुराने भवन में प्रवर्तन विभाग का कार्यालय चल रहा है। यहां करीब 12 कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 10 होमगार्ड भी ड्यूटी करते हैं। भवन की हालत जर्जर होने के बावजूद कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी इसी परिसर में बैठकर काम कर रहे हैं। ऐसे में किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जर्जर भवनों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई के बीच अपने ही विभाग का इस भवन में संचालन व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।