अयोध्या के गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की कड़ी में तारुन भदार खुर्द में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को गोसाईंगंज विधायक अभय सिंह ने 24.13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अंत्येष्टि स्थल का मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। व्यवस्थित स्थल के अभाव में ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों से जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। अब तक गांव में व्यवस्थित अंत्येष्टि स्थल की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। निर्माण पूरा होने के बाद भदार खुर्द के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को भी अंतिम संस्कार के लिए सुविधाजनक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। शिलान्यास के अवसर पर विधायक अभय सिंह ने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं तक सीमित नहीं है। गांव की मूलभूत जरूरतों के साथ मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी सुविधाओं का विकास भी जरूरी है। अंत्येष्टि स्थल जैसी सुविधा ग्रामीणों के सम्मान और गरिमा से जुड़ी है। इसे बेहतर बनाना प्राथमिकता में है। अंत्येष्टि स्थल के निर्माण की शुरुआत से ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी। निर्माण पूरा होने के बाद अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियां कम होंगी। शिलान्यास समारोह में ग्राम प्रधान वेद प्रकाश निषाद, ग्राम पंचायत सचिव श्रेया पांडेय, पूर्व प्रधान ओम प्रकाश निषाद, घनश्याम सिंह, राम भारत यादव समेत कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।