अयोध्या में राजर्षि दशरथ स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के आईसीयू को अब लखनऊ के एसजीपीजीआई के ‘स्पोक एंड हब’ मॉडल से जोड़ा जाएगा। एसजीपीजीआई के विशेषज्ञ कंट्रोल रूम से अयोध्या के गंभीर मरीजों की ऑनलाइन निगरानी करेंगे। वे स्क्रीन के जरिये मरीजों की स्थिति देख सकेंगे, स्थानीय डॉक्टरों से बात करेंगे और जरूरत के अनुसार दवाओं व उपचार के संबंध में सलाह देंगे। अयोध्या मेडिकल कॉलेज इस व्यवस्था से जुड़ने वाला सातवां मेडिकल कॉलेज होगा। एसजीपीजीआई लखनऊ और अयोध्या मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में गंभीर मरीजों की देखभाल, इलाज और औषधियों पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के समापन समारोह में यह घोषणा की गई। एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो. आरके धीमन ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम, बड़ी स्क्रीन, कैमरे और ब्रॉडबैंड इंटरनेट सहित जरूरी उपकरण उपलब्ध फंड या कंटिंजेंसी से तत्काल खरीदने के निर्देश दिए।