अयोध्या के रुदौली में सूर्योपासना, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर रुदौली के पुरुषोत्तम नगर वार्ड स्थित मोहल्ला नारियापार और रामनगर कॉलोनी में तमसा नदी के पावन तट पर आयोजित अर्घ्य कार्यक्रम में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव और पूर्व चेयरमैन अशोक कसौधन शामिल हुए। नगर की महिलाओं ने विधि-विधान से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया की आराधना की। व्रती महिलाओं ने अपने पुत्रों की दीर्घायु और परिवार के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का श्रद्धापूर्वक समापन हुआ। इस दौरान मनीष चौरसिया, राकेश चौरसिया, मनोज श्रीवास्तव और संजीव श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने छठी मइया से प्रार्थना की कि उनकी कृपा सदैव बनी रहे और हर घर-परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।